सावन की दूसरी सोमवारी पर भीमखंदा में रक्तदान शिविर, 50 यूनिट रक्त संग्रह

राजनगर प्रखंड के प्राचीन भीमखंदा परिसर में सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन के मौके पर आयोजित इस शिविर में स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में कुल 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।


शिविर का आयोजन श्री साईं सेवा संस्थान, भीमखंदा सेवा ट्रस्ट, SECPPL और कोल्हान इंफ्रास्ट्रक्चर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान रक्तदान के साथ लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क नेत्र जांच की भी व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं शिक्षाविद प्रोफेसर केपी सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। जरूरत के समय रक्तदान किसी मरीज की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

शिविर में रक्तदान करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए रेनकोट और छाता देकर सम्मानित किया गया। वहीं, आयोजन में सहयोग करने वाले वॉलंटियर्स को शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल महतो ने किया। मौके पर छोटू राम महतो, दोल गोविंद महतो, बना पंचायत के मुखिया राम सिंह हेम्ब्रम, दिलीप महतो, बंगाल मार्डी, रुद्रों महतो और युगल किशोर महतो समेत कई लोग मौजूद रहे।
सावन की दूसरी सोमवारी पर आयोजित इस शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

