Newsझारखण्डसरायकेला

सुशांत महापात्र को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, सरायकेला के लिए गौरव का क्षण : मनोज चौधरी

 

सरायकेला: विश्वविख्यात सरायकेला छऊ कला के मुखौटा गुरु सुशांत महापात्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार मिलने पर सरायकेला में खुशी का माहौल है। नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष एवं छऊ कला के संरक्षण-संवर्धन के लिए लंबे समय से कार्यरत मनोज कुमार चौधरी ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए सुशांत महापात्र को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

 

मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सरायकेला छऊ केवल सरायकेला की पहचान नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नृत्य, संगीत, युद्ध-कौशल, अभिनय और पारंपरिक मुखौटा शिल्प का अनूठा संगम इसे विश्व स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाता है।

 

उन्होंने कहा कि सुशांत महापात्र का सम्मान उनकी वर्षों की कला-साधना और समर्पण का सम्मान है। उनके हाथों से तैयार किए गए छऊ मुखौटे केवल कलाकृतियां नहीं, बल्कि सरायकेला छऊ की परंपरा, संस्कृति और विरासत के संवाहक हैं।

 

चौधरी ने कहा कि इस राष्ट्रीय सम्मान से छऊ कला से जुड़ी नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने छऊ नृत्य, पारंपरिक मुखौटा शिल्प और कलाकारों को संरक्षण, प्रशिक्षण एवं बेहतर मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

उन्होंने कहा कि सुशांत महापात्र का सम्मान पूरे सरायकेला, छऊ परिवार और यहां की कला-साधना का सम्मान है। उनकी इस उपलब्धि से पूरा सरायकेला गौरवान्वित है।

Share this news