लगातार बारिश में गरीब परिवार का खपरेल मकान गिरा, वृद्धा और विधवा बहू बेघर

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड की केन्दमुड़ी पंचायत के केन्दमुड़ी गांव में लगातार बारिश के बीच एक खपरेल मकान धराशायी हो गया। मकान गिरने से वृद्धा रहनी भगत और उनकी विधवा बहू कमलिनी भगत के सामने रहने का संकट उत्पन्न हो गया है।


बताया जाता है कि स्वर्गीय रविंद्र नाथ भगत की पत्नी रहनी भगत अपनी विधवा बहू के साथ लंबे समय से इसी पुराने मकान में रह रही थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे मकान की मरम्मत कराने में सक्षम नहीं थीं। बारिश के दौरान जर्जर मकान अचानक ढह गया, जिससे दोनों महिलाओं के सिर से छत छिन गई।
मकान गिरने के बाद बरसात के मौसम में दोनों के लिए सुरक्षित ठिकाने की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवार ने संबंधित अधिकारियों से घटनास्थल का जायजा लेकर तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता और आवास योजना के माध्यम से पक्का मकान दिलाने की भी अपील की गई है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत पहुंचाने की मांग की है, ताकि बारिश के बीच दोनों महिलाओं को सुरक्षित आश्रय मिल सके।


