सर्व समाज सावन उत्सव में महिलाओं ने बिखेरी उमंग, प्रेमलता सिंह बनीं ‘सावन क्वीन’

जमशेदपुर। जिंदगी और काम की आपाधापी के बीच महिलाओं को तनाव से राहत और मनोरंजन का अवसर देने के उद्देश्य से साकची स्थित होटल कैनेलाइट में ‘सर्व समाज सावन उत्सव’ का आयोजन किया गया। मधु सिंह और रुपम सिंह के नेतृत्व में ‘राजपूत समाज अखंड भारत’ के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने देशभक्ति और शिवभक्ति से जुड़े गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय और देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
सावन के गीतों और अन्य गीतों पर महिलाओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लंबे समय से घर और काम की जिम्मेदारियों में व्यस्त महिलाओं के लिए यह आयोजन उमंग और मनोरंजन से भरा रहा।

कार्यक्रम में समाजसेवी पूर्वी घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। बिहार के औरंगाबाद राजपूत समाज की जिलाध्यक्ष मनोरमा देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता अन्नी अमृता ने ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई।
‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता में महिलाओं ने कैटवॉक के साथ गीत और नृत्य की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रेमलता सिंह ने ‘सावन क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया। आभा झा ने दूसरा और माधुरी देवी ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रुपम सिंह और रूबी मिश्र ने किया। आयोजक मधु सिंह ने कहा कि ‘सर्व समाज सावन उत्सव’ का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, विचार साझा करने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ‘राजपूत समाज अखंड भारत’ के बैनर तले आयोजन होने के बावजूद इसमें सभी समाज की महिलाओं को शामिल किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में सोनू, निशा सिंह, रीवा और माधुरी समेत अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से देश के प्रति प्रेम, समाज के प्रति जिम्मेदारी और महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।


