सरायकेला रथ मेले में बाइक चोरी पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; अब तक 8 बाइक बरामद

सरायकेला रथ मेले में बाइक चोरी पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार; अब तक 8 बाइक बरामद


सरायकेला: रथ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर बाइक चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ सरायकेला थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने रथ मेले से चोरी हुई दो और बाइकों को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक महतो और सूरज नाथ के रूप में हुई है।
पत्रकारों को जानकारी देते हुए सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने बताया कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के दौरान अब तक कुल आठ चोरी की बाइक बरामद की जा चुकी हैं। बाइक चोरी के मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, गुरुवार को गिरफ्तार अभिषेक महतो और सूरज नाथ को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि बाइक चोरी की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। चोरी की बाइकों की बरामदगी और गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच आगे बढ़ने के साथ चोरी की अन्य बाइकों की भी बरामदगी हो सकती है।
रथ मेले के दौरान लगातार हुई बाइक चोरी की घटनाओं के बाद सरायकेला पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लिया। संदिग्धों की पहचान, पूछताछ और लगातार छापेमारी के माध्यम से पुलिस चोरी की बाइकों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस कार्रवाई में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, अरुण कुमार महतो, विनोद टुडू सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि बाइक चोरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


