Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश

 

 

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा लोगों को एक ही काम के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में प्रखंड और अंचल स्तर पर नियमित समन्वय बैठक करने, योजनाओं की लगातार निगरानी रखने और लंबित मामलों का समय पर निष्पादन करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम एक से दो दिन कार्यालय में रहकर आम लोगों की समस्याएं सुनने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश भी दिया गया।

 

आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान गोदामों के निर्माण और मरम्मती कार्य में तेजी लाने तथा राशन वितरण व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। राशन वितरण में अनियमितता की शिकायतों की जांच कर दोषी पाए जाने वाले डीलरों के खिलाफ कार्रवाई करने और स्टॉक का नियमित मिलान कराने को कहा गया।

 

शिक्षा विभाग को सभी छूटे हुए विद्यार्थियों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने और बैंक खाते खुलवाने की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति, नामांकन और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

 

कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा में किसानों को समय पर बीज और कृषि उपकरण उपलब्ध कराने, तालाबों के जीर्णोद्धार में तेजी लाने और मत्स्य पालन से जुड़े इच्छुक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। वहीं उद्योग और श्रम विभाग को अधिक से अधिक पात्र लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा श्रमिकों के पंजीकरण में तेजी लाने को कहा गया।

 

बैठक में सतनाला डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। जिला खेल पदाधिकारी को पर्यटकों की सुविधा के लिए सीटिंग बेंच, बोटिंग समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।

 

सामाजिक सुरक्षा और कल्याण विभाग को पेंशन योजनाओं के लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेशन शत-प्रतिशत पूरा कराने का निर्देश दिया गया। मिशन वात्सल्य के तहत एकल और अनाथ बच्चों को चिन्हित कर स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर ‘लखपति दीदी’ की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

 

मनरेगा और आवास योजनाओं की स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन की गति बढ़ाने का निर्देश दिया गया। नगर विकास विभाग को नगर निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने को कहा गया।

 

उपायुक्त ने सभी विभागों को सरकारी योजनाओं की जानकारी स्थानीय भाषा में सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके लिए पंचायत स्तर पर बैनर, फ्लेक्स और होर्डिंग के साथ सोशल मीडिया, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत, पेंटिंग और वॉल पेंटिंग जैसे माध्यमों का इस्तेमाल करने को कहा गया, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक भी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंच सके।

 

बैठक के अंत में भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा जनगणना-2027 के मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में सराहनीय योगदान के लिए सरायकेला और चांडिल के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मिले प्रशस्ति-पत्र उपायुक्त ने प्रदान किए।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, नगर आयुक्त आदित्यपुर एजाज अनवर, दोनों अनुमंडलों के पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, सीओ और कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया