राजनगर के रांजन-छोटाकांकी चेकडैम में हादसा, नहाने के दौरान तेज बहाव में बहा युवक

राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। रांजन और छोटाकांकी गांव के समीप बने चेकडैम में नहाने के दौरान करीब 28 वर्षीय युवक तेज पानी के बहाव में बहकर लापता हो गया।


लापता युवक की पहचान प्रोदुन्म प्रधान, पिता कपूर प्रधान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रोदुन्म प्रधान रोजाना की तरह मंगलवार को भी स्कूली बच्चों को वाहन से पहुंचाकर वापस लौटने के बाद चेकडैम में नहाने गया था।
इसी दौरान अचानक पानी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से युवक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह पानी की तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
बताया जा रहा है कि उस समय युवक के साथ दो अन्य लोग भी नहा रहे थे। दोनों किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चेकडैम सहित आसपास के नदी क्षेत्र में युवक की तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाते हुए गोताखोर और अन्य संसाधनों की सहायता से युवक की तलाश कराने की मांग की है।
फिलहाल ग्रामीणों की ओर से लापता युवक की तलाश लगातार जारी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।


