ग्लोबल ब्रिक्स कंपनी टुईबासा में श्रद्धा-भक्ति के साथ सम्पन्न हुई विश्वकर्मा पूजा

राजनगर प्रखंड के कुनाबेड़ा के समीप टुईबासा स्थित ग्लोबल ब्रिक्स कंपनी परिसर में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से सम्पन्न हुई। विश्वकर्मा पूजा को लेकर कंपनी के कर्मचारियों एवं मजदूरों में खासा उत्साह देखने को मिला।


पूजा के अवसर पर कंपनी परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कर्मचारियों और मजदूरों ने विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर कंपनी की सुख-समृद्धि, सुरक्षित कार्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान आसपास के ग्रामीणों की भी सहभागिता रही, जिससे पूजा का माहौल और भी उत्सवपूर्ण हो गया।
कंपनी के प्रबंधक अमन कुंतिया ने कहा कि ग्लोबल ब्रिक्स कंपनी के लिए यह पहला विश्वकर्मा पूजा समारोह है। उन्होंने कहा कि पहली ही पूजा में कंपनी के मजदूरों, कर्मचारियों और ग्रामीणों का जिस तरह का सहयोग एवं उत्साह मिला, उससे वे काफी प्रसन्न हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से कंपनी और उसके उत्पाद के प्रति सकारात्मक माहौल बना है। कंपनी प्रबंधन ने आगे भी स्थानीय लोगों के साथ बेहतर समन्वय और सहयोग बनाए रखने की बात कही।
विश्वकर्मा पूजा के दौरान कंपनी परिसर में पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।


