Newsझारखण्डसरायकेला

आजसू को ईचागढ़ में बड़ा झटका, हरेलाल महतो समेत कई पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा

 

 

सरायकेला। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आजसू पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं ईचागढ़ के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हरेलाल महतो ने शनिवार को केंद्रीय महासचिव पद के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनके साथ ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चारों प्रखंड अध्यक्षों समेत कई पदाधिकारियों ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

 

हरेलाल महतो ने 26 सितंबर को आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को अपना त्यागपत्र भेजा। उन्होंने पत्र में वर्तमान परिस्थितियों का हवाला देते हुए केंद्रीय महासचिव पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की बात कही है। उन्होंने पार्टी के साथ अपने लंबे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए नेतृत्व, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार जताया है।

 

हरेलाल महतो के इस्तीफे के साथ ही ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आजसू संगठन के भीतर बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं। चांडिल प्रखंड अध्यक्ष दुर्योधन गोप, कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो, ईचागढ़ प्रखंड अध्यक्ष गोपेश महतो और नीमडीह प्रखंड अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने भी केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को अपना इस्तीफा भेज दिया है।

 

इसके अलावा जिला महासचिव बुद्धेश्वर महतो और चांडिल प्रखंड सचिव माधव सिंह मुंडा के भी इस्तीफा देने की जानकारी सामने आई है। एक साथ कई प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफे से ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आजसू संगठन की स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

राजनीतिक हलकों में हरेलाल महतो के अगले राजनीतिक कदम को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। भाजपा समेत अन्य दलों में उनके शामिल होने की चर्चाएं हैं। हालांकि, हरेलाल महतो ने अपने त्यागपत्र में किसी दूसरे राजनीतिक दल में शामिल होने या भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

 

फिलहाल, हरेलाल महतो और अन्य पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद आजसू नेतृत्व की अगली प्रतिक्रिया और इस्तीफा देने वाले नेताओं के आगामी राजनीतिक कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share this news