झारखण्ड

आनंदपुर के टेन्ड्राउली में हॉकी का नया अध्याय, 32 टीमों के बीच खिताबी जंग शुरू

 

शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का सांसद जोबा माझी ने किया उद्घाटन, बोलीं- ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच

 

आनंदपुर: आनंदपुर प्रखंड के झारबेड़ा पंचायत अंतर्गत टेन्ड्राउली के निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम में रविवार को शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। सलन चंद्रमोहन फ्रेंड्स क्लब टेन्ड्राउली के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 9 अक्टूबर को खेला जाएगा।

 

प्रतियोगिता का उद्घाटन सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मैच आरसी क्लब जेके और स्टार इलेवन ब्रो के बीच खेला गया, जिसमें आरसी क्लब जेके ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

इस मौके पर खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि टेन्ड्राउली में जिले का पहला हॉकी स्टेडियम तैयार हो रहा है, जो क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। आने वाले समय में यहां खिलाड़ियों को टर्फ मैदान की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

 

सांसद ने कहा कि उनकी इच्छा है कि टेन्ड्राउली की धरती से राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी निकलें और झारखंड के साथ देश का नाम रोशन करें। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर लगातार मेहनत करने की अपील करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि विधायक जगत माझी ने क्षेत्र के लोगों से किया अपना वादा निभाते हुए टेन्ड्राउली में हॉकी स्टेडियम के निर्माण की दिशा में पहल की है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि स्टेडियम के तैयार होने के बाद भविष्य में यहां महिला हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र की बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके।

 

कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम जिला हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष वीर सिंह मुंडा, सचिव जगदीप महाराणा, कोषाध्यक्ष इलियास भेंगरा, मनोहरपुर के उप प्रमुख दीपक एक्का, आयोजन समिति एससीएफसी टेन्ड्राउली के अध्यक्ष मनोहर बुढ़, सचिव सुगड़ डांग, गोल्डन चेरेवा, नेलसन केरकेट्टा, अनिल सुरीन, अर्जुन राउतिया, सलन मानकी, चंद्रमोहन राउतिया, बेंजामिन चेरेवा, अल्बन बरोवा, सुकवान कोनगाड़ी, झामुमो नेता संजीव गंताइत, अजय कच्छप, सूर्य प्रताप सिंहदेव, झामुमो प्रखंड सचिव राजू सिंह, पिंटू जैन समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण मौजूद थे।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया