पतिसाई में फुटबॉल का रोमांच, खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे विधायक संजीव सरदार
18वें तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट में 48 टीमों की भागीदारी, विधायक बोले- गांव के मैदानों में प्रतिभाओं की कमी नहीं, जरूरत उन्हें बेहतर अवसर देने की

पोटका। लक्ष्मी पूजा के शुभ अवसर पर हरिणा पंचायत अंतर्गत पतिसाई एवं मेजोगोड़ा में सारजोम विधि सांस्कृतिक आखड़ापतिसाई-मेजोगोड़ा की ओर से आयोजित 18वें तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। टूर्नामेंट में कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मैदान पहुंचने पर विधायक ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया. विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से भी मुलाकात की और लगातार 18वीं बार प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए पूरी टीम की सराहना की।
गांव के मैदान से निकलती हैं बड़ी खेल प्रतिभाएं : संजीव सरदार
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका सहित पूरे झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानकर सही मंच और आगे बढ़ने का अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल ग्रामीण क्षेत्रों के सबसे लोकप्रिय खेलों में शामिल है और इस तरह के बड़े आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। “खिलाड़ी जीत-हार की चिंता से ऊपर उठकर पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान में उतरें। आज गांव के मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी कल राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकता है।”
48 टीमों के बीच मुकाबला, विजेता को मिलेंगे 50 हजार रुपये
आयोजन समिति के अनुसार टूर्नामेंट में 48 टीमों को शामिल किया गया है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 50 हजार रुपये, द्वितीय को 40 हजार, तृतीय को 30 हजार, चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 20 हजार रुपये, जबकि पांचवें एवं छठे स्थान की टीमों को 10-10 हजार रुपये पुरस्कार देने का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट प्लेयर, बेस्ट स्किल प्लेयर, बेस्ट स्कोरर, बेस्ट डिफेंडर, बेस्ट रनिंग प्लेयर सहित विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिये जाएंगे।
खेल के साथ सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं ऐसे आयोजन
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले फुटबॉल टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आसपास के गांवों के लोगों और युवाओं को एक मंच पर लाकर सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों को भी महत्व देने और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने की अपील की। विधायक ने सारजोम विधि सांस्कृतिक आखड़ा के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


