राजनगर में भव्य लक्ष्मी पूजा पंडाल का पुलिस अधीक्षक ने किया उद्घाटन, अपराध मुक्त जिला बनाने पर दिया जोर
राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में श्री श्री सार्वजनिक लक्ष्मी पूजा समिति की ओर से आयोजित लक्ष्मी पूजा को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल है। रविवार को जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरी ने विधिवत रूप से पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रुंगटा माइंस लिमिटेड के कनिष्ठ उपाध्यक्ष गिरधारी लाल पारीक सहित पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

पूजा पंडाल के उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले को अपराध मुक्त बनाने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण स्थापित करने और समाज में सुरक्षित वातावरण कायम करने के लिए पुलिस के साथ आम जनता का सहयोग भी आवश्यक है। लोगों को अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपराध और अवैध कारोबार के विरुद्ध जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से जिले में शांति व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में पूजा समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। लक्ष्मी पूजा को लेकर राजनगर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखा जा रहा है।


