डुमरिया में मलेरिया प्रभावित गांवों का सिविल सर्जन ने किया दौरा, जांच शिविर में मरीजों की हो रही जांच
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया की रोकथाम और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने रविवार, 25 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया और मलेरिया प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने लोगों से अपील की कि बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, ठंड लगने या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। ऐसे लक्षण होने पर तत्काल मलेरिया की जांच कराएं और चिकित्सक से परामर्श लें। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनय भूषण तिवारी ने बताया कि रविवार को गोजातोल, बकड़ाकोचा, लांगो, बुरूडीह, रायसेनबेड़ा, फुलझारी और माड़ोतोलिया गांवों में मलेरिया जांच एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में मलेरिया के लक्षण वाले लोगों की जांच की जा रही है, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जा सके।
दौरे के दौरान सिविल सर्जन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करा रहे मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली।
इस अवसर पर डॉ. विनय भूषण तिवारी, डॉ. सुमित साहा, डॉ. सुजीत कुमार झा और विमल मंडल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।


