बड़ाभूमरी में रंगोली व अल्पना प्रतियोगिता, महिलाओं की प्रतिभा को मिला मंच
जन्मदिन पर डॉ. अनूप मंडल ने महिलाओं व बालिकाओं को किया प्रोत्साहित

पोटका: बजरंगबली एवं मां लक्ष्मी कमेटी बड़ाभूमरी की ओर से लक्ष्मी पूजा के अवसर पर रंगोली एवं अल्पना प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में स्वीटी मंडल प्रथम, नीतू मंडल द्वितीय और जूली मंडल तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, अल्पना प्रतियोगिता में मैना मंडल ने प्रथम, खुशी मंडल ने द्वितीय और शिल्पी मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि डॉ. अनूप मंडल एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा नेत्री सीमा मंडल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. अनूप मंडल ने कहा कि अपने जन्मदिन के अवसर पर ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं को प्रोत्साहित करना उनके लिए गौरव का पल है। ग्रामीणों द्वारा आमंत्रित किए जाने पर उन्होंने आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं की छिपी प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी।
कार्यक्रम में हरपति मंडल, प्राणकिशन मंडल, लखी मंडल, चितरंजन मंडल, मृगांक मंडल, तरुण मंडल, अमर मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।


