स्कूल भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
पोटका : अपग्रेड परियोजना बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, पोटका में चार कमरों के नए भवन निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। मंगलवार को कांग्रेस के जिला सचिव जयराम हांसदा और पूर्व प्रदेश सचिव सुबोध सिंह सरदार ने प्रेसवार्ता कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भवन निर्माण के दौरान फर्श की ढलाई मिट्टी के ऊपर ही की जा रही है, जबकि नियमानुसार ईंट के टुकड़े बिछाकर समतलीकरण और बालू की सोलिंग के बाद ढलाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान संबंधित विभाग के अभियंताओं की मौजूदगी भी नहीं रहती है। फर्श निर्माण में सुधार नहीं होने पर उपायुक्त से शिकायत की जाएगी।
वहीं, जेईपी की अभियंता ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि संवेदक ने प्राक्कलन के अनुसार फर्श की ढलाई की है। निर्माण कार्य की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है।
प्रेसवार्ता में चंदन मंडल, शिवचरण टुडू, गोपाल मुर्मू और बिरसा सोरेन उपस्थित थे।


