Sunday, November 1, 2026
Latest:
Newsझारखण्डसरायकेला

गम्हरिया थाना कांड को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

 

 

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के गंभीर मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार, 1 नवंबर को भाजपा प्रदेश कमेटी के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन में पूर्व सांसद गीता कोड़ा भी शामिल हुईं।

 

इस दौरान गीता कोड़ा ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हेमंत सरकार निकम्मी सरकार है। सरकार एक ओर मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके कार्यकाल में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

 

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में मामले के आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। भाजपा ने मांग की है कि मामले का तीन महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल कराकर पीड़िता को जल्द न्याय दिलाया जाए। इसके साथ ही जिले में विधि-व्यवस्था को दुरुस्त करने और सभी थानों में सातों दिन महिला पुलिसकर्मियों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

 

ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने आरोपी पुलिसकर्मी को तीन दिनों के भीतर सेवा से बर्खास्त करने की मांग भी रखी। पार्टी नेताओं ने कहा कि पुलिस थाने जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह का गंभीर मामला सामने आना चिंताजनक है। महिला सुरक्षा से जुड़े इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

Share this news