गम्हरिया थाना को मिला नया प्रभारी, इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने संभाली कमान; महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर रहेगा विशेष जोर
गम्हरिया थाना

सरायकेला: गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ हुई कथित दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस विभाग में फेरबदल किया गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने इंस्पेक्टर राजेश टुडू को गम्हरिया थाना की जिम्मेदारी सौंपी है। रविवार को एसपी की मौजूदगी में उन्होंने नए थाना प्रभारी के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया।
जिम्मेदारी संभालने के बाद राजेश टुडू ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखना और अपराध नियंत्रण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की बात कही।
दरअसल, गम्हरिया थाना परिसर में घरेलू विवाद की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद जिले में काफी आक्रोश देखने को मिला था। घटना ने पुलिस व्यवस्था और थाने में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद अब थाने की कमान नए अधिकारी को सौंपी गई है।
नए थाना प्रभारी की नियुक्ति के साथ ही गम्हरिया क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राजेश टुडू क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम नागरिकों, खासकर महिलाओं का पुलिस पर भरोसा कायम करने के लिए किस तरह के कदम उठाते हैं।


