करीम सिटी कॉलेज में कुष्ठ रोग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
‘मेरी दोस्ती तुमसे’ अभियान के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, कुष्ठ रोग से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और सकारात्मक सोच विकसित करने पर दिया गया जोर

जमशेदपुर, 2 नवंबर। पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (एमडीटी) अभियान के 18वें दिन सोमवार को मानगो स्थित करीम सिटी कॉलेज में कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कुष्ठ रोग के लक्षण, इससे जुड़ी भ्रांतियों और बीमारी के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुष्ठ रोग को लेकर समाज में आज भी कई तरह की भ्रांतियां और गलत धारणाएं मौजूद हैं। इन्हें दूर करने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी कुष्ठ रोग के प्रति सही जानकारी दें।
उन्होंने बताया कि ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ अभियान का मुख्य उद्देश्य कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना, भेदभाव को समाप्त करना और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है। विद्यार्थियों की भागीदारी से इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन में कॉलेज के इंटरमीडिएट प्रभारी मोहम्मद शहनवाज आलम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर शिक्षक डॉ. महफूज आलम, दुलाल दास, बलराम पोद्दार, मोहम्मद फिरोज खान, सरफराज आलम, डॉ. नासरीन खातून, पार्थो भट्टाचार्य, अमरेश कुमार मिश्रा, काजल चौधरी और संजय चटर्जी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिक्षकों, आयोजकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास से जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


