Newsझारखण्डसरायकेला

प्राचीन जाहिरा देवी स्थल पर बाबा आंकलपाट की वार्षिक पूजा संपन्न

सरायकेला स्थित प्राचीन जाहिरा देवी स्थल पर बाबा आंकलपाट की वार्षिक पूजा श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया।

बताया जाता है कि यह पावन परंपरा लगभग 300 वर्षों से निरंतर चली आ रही है, जो क्षेत्र की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। पूजा के दौरान श्री चौधरी ने विधि-विधान के साथ बाबा आंकलपाट का दर्शन कर क्षेत्रवासियों के आरोग्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एकजुट रखने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं। बाबा आंकलपाट में लोगों की गहरी आस्था है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यह परंपरा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का कार्य भी करती है। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद विक्रम मोदक, पूर्व वार्ड पार्षद मनबोध सातवां, बसुकी मोदक, भरत कामिला, किशन कामिला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अंत में नगर पंचायत अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस परंपरा को बनाए रखने में अपना योगदान दें तथा समाज में भाईचारा, शांति और सद्भाव को मजबूत करें। उन्होंने बाबा आंकलपाट से क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

Share this news