Friday, November 6, 2026
Latest:
Newsझारखण्डसरायकेला

दीपावली और छठ पूजा को लेकर राजनगर पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी सोनू कुमार ने असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी

 

 

सरायकेला: दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर राजनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। त्योहारों के मद्देनजर थाना प्रभारी सोनू कुमार ने असामाजिक तत्वों, अवैध कारोबारियों और नशाखोरी करने वालों को सख्त चेतावनी दी है।

 

थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान हुड़दंग मचाने, अशांति फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। खासकर तेज रफ्तार में बाइक चलाने, सड़क पर स्टंट करने और चौक-चौराहों पर बेवजह अड्डेबाजी कर आम लोगों को परेशान करने वाले युवकों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

सोनू कुमार ने क्षेत्रवासियों से दीपावली और छठ पूजा आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा कार्य न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे या क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो।

 

थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें नशाखोरी, तेज रफ्तार बाइक चलाने तथा असामाजिक गतिविधियों से दूर रखने की अपील की। साथ ही आम नागरिकों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।

 

उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान राजनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news