Newsझारखण्डसरायकेला

रेनबो स्मार्ट स्कूल में धूमधाम से मना दीपावली महोत्सव, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

 

 

राजनगर। प्रखंड के बड़ा कुनाबेड़ा स्थित रेनबो स्मार्ट स्कूल की शाखा सनराइज इंग्लिश पब्लिक स्कूल परिसर में दीपावली के पूर्व दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान मिट्टी के दीयों को रंगों से सजाने, रंगोली, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

 

दीपावली निबंध प्रतियोगिता में प्राची प्रधान ने प्रथम और एंजेल हसदा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में इशिका महतो प्रथम, मनीषा मंडी द्वितीय और एंजेल हसदा तृतीय स्थान पर रहीं। एलकेजी एवं यूकेजी के विद्यार्थियों के बीच आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में काजल सरदार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय के प्रधानाचार्य साधन ज्योतिषी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

 

इस अवसर पर प्रधानाचार्य साधन ज्योतिषी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को दीपावली और धनतेरस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली सत्य की असत्य पर विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर दीप जलाकर खुशियां मनाने की परंपरा हमें सत्य, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की अपील की। साथ ही पटाखों और बारूद से दूर रहकर पर्यावरण एवं अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की बात कही।

 

कार्यक्रम का संचालन सुष्मिता आचार्य ने किया। आयोजन को सफल बनाने में गीता रानी महतो, मीनू महतो, आलोक प्रधान, पंकज प्रधान, काजल दास, पबीता महतो, राम राय मुर्मू, संजीव सरदार, कृष्णा प्रधान, संजय महतो और सत्यवती महतो सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों का सराहनीय योगदान रहा।

Share this news