दोमुहानी संगम क्षेत्र में कंक्रीटीकरण व निर्माणों की होगी जांच, एडीसी ने सीओ को दिया निर्देश
झारखंड मूलवासी अधिकार मंच के संयोजक हरमोहन महतो ने उपायुक्त से की थी जांच की मांग

जमशेदपुर : जिला प्रशासन ने झारखंड आंदोलनकारी सह झारखंड मूलवासी अधिकार मंच के संयोजक हरमोहन महतो द्वारा सौंपे गए आवेदन पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच का निर्देश दिया है. इस संबंध में अपर उपायुक्त (एडीसी) की ओर से जमशेदपुर अंचल अधिकारी ( सीओ) को पत्र जारी किया गया है. पत्र में आवेदन में उठाए गए बिंदुओं की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम (राजस्व शाखा) से जारी पत्र के अनुसार, झारखंड मूलवासी अधिकार मंच की ओर से उपायुक्त के समक्ष हरमोहन महतो के संबंध में एक आवेदन समर्पित किया गया था, जिसमे सोनारी दोमुहानी संगम क्षेत्र में कंक्रीटीकरण व निर्माणों की जांच की मांग की गई थी. उन्होंने नदी तट पर संभावित अतिक्रमण को लेकर भी आवाज़ उठाई थी. उक्त आवेदन जिला प्रशासन को प्राप्त होने के बाद उसकी छायाप्रति संबंधित पत्र के साथ संलग्न कर जांच के लिए भेजी गई है.
अपर उपायुक्त ने जमशेदपुर अंचल अधिकारी को निर्देश दिया है कि हरमोहन महतो के आवेदन में वर्णित तथ्यों एवं बिंदुओं की नियमानुसार जांच की जाए और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. प्रशासन की ओर से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई है. पत्र की प्रतिलिपि भूमि सुधार उप समाहर्ता, धालभूम तथा अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है. जिला प्रशासन के इस निर्देश के बाद अब मामले में अंचल स्तर पर होने वाली जांच और उससे निकलने वाले निष्कर्ष पर सबकी नजर रहेगी.


