मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों के बीच बकरी वितरण

ईचागढ़ : कुकड़ू प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरूवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत बकरी वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चयनित 14 लाभुकों के बीच बकरी का वितरण किया गया। प्रत्येक यूनिट में 10-10 बकरी प्रदान किए गए, जिससे ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की गई।


कार्यक्रम प्रखंड प्रशासन की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर लाभुकों को बकरी पालन से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। अधिकारियों ने बतखों की देखभाल, संतुलित पोषण, रोगों से बचाव एवं वैज्ञानिक तरीके से पालन करने की विस्तृत जानकारी साझा की, ताकि लाभुक योजना का समुचित लाभ उठा सकें।
प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. हरेलाल महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, पशुपालन को प्रोत्साहित करना एवं लाभुकों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से लाभुकों को समय-समय पर तकनीकी सहयोग एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर, बीडीओ राजश्री ललिता बाखला, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृतिवास महतो सहित कई गणमान्य लोग एवं दर्जनों लाभुक उपस्थित थे।


