गदड़ा गांव में चल रही मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 821 लीटर विदेशी शराब समेत भारी मात्रा में नकली पैकेजिंग सामग्री जब्त
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा गांव में छापेमारी कर एक मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा किया गया है। यहां कथित तौर पर नकली विदेशी शराब तैयार कर विभिन्न ब्रांडों के नाम से बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी।

गुरुवार देर शाम गुप्त सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने गदड़ा गांव में दबिश दी। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर तलाशी शुरू की। इस दौरान शराब बनाने, बोतलों में भरने और उनकी पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही अंधेरे का फायदा उठाकर वहां मौजूद लोग फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 500 लीटर क्षमता वाले एक सिंटेक्स टैंक और तीन प्लास्टिक जरीकेन से कुल 330 लीटर अवैध स्पिरिट बरामद की। इसके अलावा अलग-अलग ब्रांड के नाम पर 72 पेटियों में रखी 821.53 लीटर बोतलबंद विदेशी शराब और 180 लीटर तैयार रंगीन शराब भी जब्त की गई।
शराब की पैकेजिंग के लिए रखी गई सामग्री देखकर टीम भी हैरान रह गई। मौके से विभिन्न ब्रांड के करीब 20 हजार ढक्कन, पांच हजार खाली ग्लास और पीईटी बोतलें, सात हजार लेबल तथा पांच हजार नकली होलोग्राम बरामद किए गए हैं।
इतनी बड़ी मात्रा में शराब और पैकेजिंग सामग्री मिलने से आशंका जताई जा रही है कि इस ठिकाने पर बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई करने की योजना थी। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और शराब की सप्लाई के रास्तों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
उत्पाद विभाग के मुताबिक, अंधेरे का फायदा उठाकर सभी संदिग्ध मौके से भाग निकले। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है। फरार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में फरार अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


