छठ पर्व को लेकर सरायकेला पुलिस अलर्ट, थाना प्रभारी ने कुदरसाई, जगन्नाथ और मजना घाट का किया निरीक्षण
सरायकेला: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सरायकेला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुदरसाई छठ घाट, जगन्नाथ छठ घाट और मजना छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तीनों घाटों की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा एवं साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही स्थानीय लोगों से बातचीत कर छठ महापर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी और तालाबों में स्नान अथवा अर्घ्य देने के दौरान गहरे पानी में जाने से बचें। विशेष रूप से अभिभावक अपने बच्चों पर नजर रखें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और विश्वास का पर्व है। सभी श्रद्धालु आपसी सहयोग, अनुशासन और सौहार्द के साथ पूजा संपन्न करें। सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग है।
छठ महापर्व को लेकर सरायकेला पुलिस की सक्रियता से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।


