Newsझारखण्ड

संजय नदी के दोनों छोर पर बनेगा छठ घाट और गार्डवाल, सांसद जोबा माझी व विधायक सुखराम उरांव ने किया शिलान्यास

 

डीएमएफटी फंड से होगा निर्माण, पुरानी बस्ती के लोगों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी, छठ व्रतियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

 

चक्रधरपुर: शहर के पुरानी बस्ती स्थित संजय नदी घाट का जल्द कायाकल्प होने जा रहा है। छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों को देखते हुए चक्रधरपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या-1 में संजय नदी के दोनों छोर पर छठ घाट और गार्डवाल का निर्माण कराया जाएगा। शुक्रवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने संयुक्त रूप से इस योजना का विधिवत शिलान्यास किया।

 

जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से इस योजना का निर्माण कराया जाएगा। इसके पूरा होने से पुरानी बस्ती के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। साथ ही छठ महापर्व के दौरान नदी घाट पर पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

गौरतलब है कि संजय नदी के पुरानी बस्ती घाट पर प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन व्यवस्थित घाट और जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण व्रतियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नदी के दोनों किनारों पर छठ घाट और गार्डवाल का निर्माण होने से घाट को व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों को भी काफी लाभ होगा।

 

शिलान्यास के अवसर पर सांसद जोबा माझी और विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। छठ घाट और गार्डवाल का निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ छठ व्रतियों को भी काफी सहूलियत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना पूरी होने से संजय नदी घाट एक बेहतर और सुविधाजनक स्थल के रूप में विकसित होगा।

 

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय साव, वार्ड पार्षद स्वप्न कुमार मिस्त्री, संजय पासवान, शेष नारायण लाल, सदानंद होता, डिक्की मंडल, राजेश गुप्ता, अभय साव समेत काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share this news