Newsझारखण्ड

चक्रधरपुर के तीन स्कूलों में बनेंगे 30 नए क्लासरूम, सांसद जोबा माझी और विधायक सुखराम उरांव ने किया शिलान्यास

 

 

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर प्रखंड के तीन सरकारी विद्यालयों में जल्द ही 30 नए अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। विद्यालयों में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। शुक्रवार को मारवाड़ी प्लस-2 उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने संयुक्त रूप से तीनों निर्माण योजनाओं की आधारशिला रखी।

 

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के माध्यम से इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। इसके तहत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, निश्चिंतपुर में 8 कमरे, राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सरजमहातु में 5 कमरे और मारवाड़ी प्लस-2 उच्च विद्यालय, चक्रधरपुर में 17 अतिरिक्त वर्ग-कक्ष बनाए जाएंगे। इस प्रकार तीनों विद्यालयों में कुल 30 नए कमरों का निर्माण होगा।

 

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी और विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि शिक्षा के विकास के लिए विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। पर्याप्त कक्षाएं होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा और शिक्षकों को भी शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सहूलियत होगी।

 

उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ विद्यार्थियों का भविष्य संवारने की अपील की।

 

इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय साव, वार्ड पार्षद संजय पासवान, प्रधानाध्यापिका सोसन प्रभावती खेस, हेमंत पान, लाला पप्पू, राजेश गुप्ता, गुड्डू सिंह सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share this news