टाटा कंपनी संवाद कार्यक्रम तत्काल बंद करे : रतन तिर्की
सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना पर जताई कड़ी नाराजगी, टाटा प्रबंधन से निष्पक्ष जांच और सार्वजनिक माफी की मांग

जमशेदपुर। टाटा कंपनी द्वारा जमशेदपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई मारपीट की घटना की रतन तिर्की ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को बेहद शर्मनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और आदिवासी समाज के सम्मान एवं स्वाभिमान पर चोट पहुंचाने वाला बताया है। उन्होंने टाटा कंपनी से संवाद कार्यक्रम को तत्काल बंद करने अथवा उसके उद्देश्य पर गंभीरता से पुनर्विचार करने की मांग की है।
रतन तिर्की ने कहा कि जिस कार्यक्रम में देशभर के आदिवासी समुदाय के लोगों को आमंत्रित किया जाता है, उसी मंच पर एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार और मारपीट होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर टाटा कंपनी के संवाद कार्यक्रम का वास्तविक उद्देश्य क्या है? क्या केवल आदिवासियों को एकत्रित कर सांस्कृतिक नृत्य और मनोरंजन के आयोजन करने से उनके सामाजिक और आर्थिक जीवन में बदलाव आएगा?
उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले कई वर्षों से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, विस्थापन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और संवैधानिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कितना सार्थक संवाद हुआ है? इस आयोजन से आदिवासी समाज को अब तक क्या ठोस उपलब्धियां हासिल हुई हैं? टाटा कंपनी को इन सवालों का जवाब सार्वजनिक रूप से देना चाहिए।
रतन तिर्की ने कहा कि यदि संवाद कार्यक्रम से आदिवासी समाज को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो रही है, तो ऐसे आयोजनों का औचित्य क्या है? केवल सांस्कृतिक प्रदर्शन और नाच-गाने के नाम पर आदिवासियों को एकत्रित करना उनके वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने जैसा है। कंपनी को ऐसे आयोजनों पर पुनर्विचार करना चाहिए और यदि आदिवासी हितों में कोई ठोस परिणाम नहीं निकलता है, तो इस कार्यक्रम को बंद कर देना चाहिए।
उन्होंने टाटा प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब कंपनी के अपने आयोजन में एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ मारपीट जैसी घटना हो जाती है, तो आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारी किसकी थी? कंपनी प्रबंधन इस पूरे मामले पर अब तक क्या कार्रवाई कर रहा है? इस मामले में चुप्पी क्यों साधी गई है?
उन्होंने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा कोई सामान्य व्यक्ति नहीं हैं। झारखंड अलग राज्य आंदोलन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे वरिष्ठ आंदोलनकारी के साथ इस तरह का व्यवहार केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि पूरे झारखंडी समाज, आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान से जुड़ा गंभीर मामला है।
रतन तिर्की ने टाटा कंपनी से मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए, घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और आदिवासी समाज सहित झारखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदिवासी समाज को मंच पर नचाने और उनकी संस्कृति का प्रदर्शन कराने से पहले उनके अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना सीखना होगा।
— रतन तिर्की
झारखंड आंदोलनकारी सह पूर्व सदस्य,
जनजातीय सलाहकार परिषद (TAC), झारखंड


