JamshedpurLatestNewsझारखण्डसरायकेला

JSSC CGL आंदोलन 2.0 का ऐलान, 90 दिनों का आश्वासन पूरा नहीं होने पर फिर आंदोलन की तैयारी

 

 

बेबी महतो ने छात्रों की मांगों का किया समर्थन, कहा- युवाओं के भविष्य और अधिकारों की लड़ाई में सबसे आगे रहूंगी

 

झारखंड में JPSC और JSSC CGL परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के मुद्दे पर एक बार फिर छात्र आंदोलन तेज होने के आसार हैं। करीब तीन महीने पहले हजारों छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन किया था। उस दौरान सरकार की ओर से छात्रों को 90 दिनों का समय देने का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था। हालांकि, 17 तारीख को 90 दिनों की समय-सीमा पूरी होने के बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने अब JSSC CGL आंदोलन 2.0 शुरू करने का निर्णय लिया है।

 

इस मामले पर बेबी महतो ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों से जो 90 दिनों का समय मांगा था, उस दौरान उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल सामने नहीं आई। उनके अनुसार, न तो न्यायालय में कोई प्रभावी पहल दिखाई दी और न ही छात्रों की समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीर कार्रवाई हुई।

 

बेबी महतो ने कहा कि छात्रों की मुख्य मांग परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की है, ताकि दोषियों की पहचान हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इसके अलावा JPSC और JSSC की परीक्षा प्रणाली में सुधार, पारदर्शी तरीके से परीक्षाओं का आयोजन तथा झारखंड के विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर जल्द बहाली शुरू करने की मांग भी शामिल है।

 

उन्होंने कहा कि छात्रों की लड़ाई बार-बार आंदोलन करने की नहीं, बल्कि अपने भविष्य और अधिकारों की रक्षा करने की है। एक छात्रा होने के नाते वह विद्यार्थियों की मेहनत, संघर्ष और उनके दर्द को समझती हैं।

 

बेबी महतो ने स्पष्ट किया कि JSSC CGL आंदोलन 2.0 जिस भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ेगा, वह उसमें पूरी मजबूती के साथ शामिल रहेंगी। जरूरत पड़ने पर इस लड़ाई में सबसे आगे खड़ी रहेंगी।

 

उन्होंने सरकार से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने और दिए गए आश्वासन पर जवाब देने की मांग की। बेबी महतो ने कहा कि युवाओं के धैर्य को उनकी कमजोरी नहीं समझना चाहिए। अब छात्रों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जवाब और न्याय चाहिए।

 

उन्होंने छात्र एकता और युवा एकता का आह्वान करते हुए कहा कि झारखंड के युवाओं के हक-अधिकार की यह लड़ाई जारी रहेगी।

Share this news