सात माह से बकाया भुगतान नहीं मिलने पर पेटी ठेकेदार ने स्टॉक प्वाइंट के गेट पर जड़ा ताला
पोटका : आरएस इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पेटी ठेकेदार सुरेश गुप्ता को सात माह बाद भी बकाया राशि का भुगतान नहीं किए जाने से नाराज ठेकेदार ने तुड़ी स्थित स्टॉक प्वाइंट के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध जताया। पेटी ठेकेदार सुरेश गुप्ता ने बताया कि कंपनी के लिए कार्य किए सात माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान के संबंध में पूछने पर हर बार प्रक्रिया जारी होने की बात कहकर टाल दिया जाता है।

वहीं, कंपनी के साइट मैनेजर मुन्ना कुमार ने बताया कि फिलहाल फंड की कमी के कारण भुगतान नहीं हो पाया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फंड उपलब्ध होते ही बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। दूसरी ओर, वर्क एग्रीमेंट में स्पष्ट रूप से 45 दिनों के अंदर पेटी ठेकेदार को भुगतान करने का प्रावधान है। इसके बावजूद सात माह तक भुगतान नहीं होने से नाराज ठेकेदार ने मुख्य गेट पर ताला लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।


