सरायकेला प्रखंड कार्यालय में विशेष गतिविधि अभियान का आयोजन, महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
सशक्त महिला, सुरक्षित मातृत्व और समुचित पोषण के संकल्प के साथ 28 नवंबर तक चलेगा राज्यव्यापी अभियान, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की पहल

*सरायकेला:-* झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे राज्यव्यापी विशेष गतिविधि अभियान के तहत बुधवार को सरायकेला प्रखंड कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उल्लेखनीय है कि विभाग की ओर से 17 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक राज्यव्यापी विशेष गतिविधि अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की मुख्य थीम “सशक्त महिला–सुरक्षित मातृत्व–समुचित पोषण–समावेशी झारखंड” रखी गई है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों की पहचान, नए लाभार्थियों का पंजीकरण, लंबित आवेदनों का निष्पादन तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित आंकड़ों का सत्यापन एवं अद्यतन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि सुधीर महतो, उप प्रमुख वासुदेव महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु चरण देवगम, सीडीपीओ सुरुचि प्रसाद, पर्यवेक्षिका सबिता सिन्हा एवं नेहा कुमारी, प्रखंड समन्वयक गणेश महतो, अमन अहमद, तुहिना दे, प्रेमचंद षाड़ंगी सहित सेविका दीदियां एवं अन्य उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान पोषण अभियान, पोषण भी पढ़ाई भी, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पूरक पोषाहार कार्यक्रम, मातृत्व लाभ, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, बाल विवाह उन्मूलन, सामाजिक कुरीति निवारण, नशा मुक्त समाज एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इस पहल के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही गांव एवं समुदाय स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित कर महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विभागीय स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान को पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ सफल बनाने का निर्देश दिया गया है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहकर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच सके।


