गम्हरिया की जयकान पंचायत में ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित, माला पहनाकर और शॉल भेंटकर बढ़ाया मान-सम्मान
गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत जयकान पंचायत भवन में शनिवार, 21 नवंबर को ग्राम प्रधानों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड सरकार की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत सचिव की ओर से जयकान पंचायत के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधानों को माला पहनाकर और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक ग्राम व्यवस्था को सम्मान देना, ग्राम प्रधानों की भूमिका को मान्यता प्रदान करना और सामाजिक एवं सामुदायिक विकास में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सह जयकान गांव के ग्राम प्रधान डॉ. शुभेंदु महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जयकान के डॉ. शुभेंदु महतो, ढडायमाछ के कमल किशोर महतो, आदित्यप्रतापपुर के शिकार हेंब्रम, शोभापुर के धीरेन महतो, छोटा जामजोड़ा के छोटेलाल सरदार, उकाम के बुधराम हांसदा, जामजोड़ा के दुखु मुर्मू और ब्राह्मणडूंगरी के लखन टुडू को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. शुभेंदु महतो ने कहा कि ग्राम प्रधान पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। गांवों में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारा, सांस्कृतिक परंपराओं और ग्रामीण व्यवस्था को बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने झारखंड सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम प्रधानों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन और उत्साह के साथ करेंगे।
कार्यक्रम में पंचायत सेवक आदित्य चंद्र महतो, पूर्व मुखिया सह वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि सोमाय, उपमुखिया शेफाली महतो, पंचायत समिति सदस्य रानी देवी, परितोष महतो, संजय महतो और राम चरण गोप समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


