विधायक सविता महतो की पहल से ईचागढ़ में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, 250 करोड़ से बनेंगे 3 पावर ग्रिड और 5 सब स्टेशन
सरायकेला-खरसावां: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। विधायक सविता महतो के प्रयास से क्षेत्र में 250 करोड़ रुपये की लागत से तीन नए पावर ग्रिड और पांच विद्युत सब स्टेशन का निर्माण प्रस्तावित है। इन योजनाओं को जल्द ही प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलने की संभावना है।

प्रस्तावित योजना के तहत करीब 210 करोड़ रुपये की लागत से तीन नए पावर ग्रिड का निर्माण किया जाएगा। इनमें चांडिल प्रखंड के डोबो रोड कपाली, नीमडीह प्रखंड के हेवेन और ईचागढ़ प्रखंड के मिलन चौक को शामिल किया गया है। वहीं, लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से पांच नए विद्युत सब स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। इनमें ईचागढ़ प्रखंड कार्यालय के समीप, कुकड़ू प्रखंड, कांदरबेड़ा, उरमाल और मिलन चौक शामिल हैं।
इस संबंध में विधायक सविता महतो ने कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बेहतर बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्याओं को देखते हुए नए पावर ग्रिड और सब स्टेशन के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इन योजनाओं को जल्द प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि पावर ग्रिड और सब स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी। इससे लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं से काफी हद तक निजात मिल सकेगी। विधायक ने संबंधित विभाग से योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही।
विधायक ने यह भी बताया कि चांडिल प्रखंड के दुलमी में निर्मित पावर ग्रिड का उद्घाटन मार्च महीने में किया जाएगा। इसकी जानकारी विधायक के आप्त सचिव सह झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने दी।


