Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी और मोबाइल समेत कई सामान बरामद

 

 

सरायकेला: सरायकेला पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की स्कूटी, दो मोबाइल फोन, बैटरी और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कुछ औजारों समेत कुल 2,570 रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है।

 

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:35 बजे सरायकेला थाना क्षेत्र में नियमित गश्ती के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद सशस्त्र बल की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।

 

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सरायकेला थाना के सामने खड़े टाटा मैजिक वाहन की बैटरी चोरी करने के अलावा मानिक बाजार और राजबांध स्थित महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की बात बताई।

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से काले रंग की सुजुकी स्कूटी, अमरॉन कंपनी की बैटरी, वीवो और ओप्पो कंपनी के टचस्क्रीन मोबाइल फोन, चांदी जैसा दिखने वाला धातु का ठोस टुकड़ा, लोहे का पाना, स्क्रूड्राइवर, काले रंग का हैंडल और एक मुड़ा हुआ स्टील का सब्बल बरामद किया है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद खान उर्फ मुन्ना खान, पिता स्वर्गीय सुलेमान खान, निवासी वार्ड संख्या 08, नियारकुल्लाराम चौक, मस्जिद रोड, सरायकेला तथा जाफर अंसारी उर्फ गब्बर अंसारी उर्फ बब्बर अंसारी उर्फ बबलू, पिता स्वर्गीय रहमत अंसारी, निवासी वार्ड संख्या 08, गैराज चौक, सरायकेला के रूप में हुई है।

 

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने संबंधित आपराधिक इतिहास का भी उल्लेख किया है।

 

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share this news