JamshedpurNewsझारखण्ड

किनूडीह में पारंपरिक आतू सोहराय की धूम, विधायक संजीव सरदार ने मांदर बजाकर बढ़ाया ग्रामीणों का उत्साह

 

 

जमशेदपुर: करणडीह के किनूडीह गांव में ग्राम सभा की ओर से पारंपरिक आतू सोहराय समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान गाय-बैलों की पूजा-अर्चना की गई और पारंपरिक डंगरी खूंटाव देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। मांदर-नगाड़े की थाप पर महिला-पुरुषों ने पारंपरिक नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया।

 

कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सोहराय आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। अपनी भाषा, संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों को सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

 

इस दौरान विधायक संजीव सरदार ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया और पारंपरिक उत्सव में शामिल हुए। समारोह में बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे गांव में पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के बीच उत्सव का माहौल बना रहा।

 

कार्यक्रम में सरस्वती टुडू, दक्षिण करंडीह की मुखिया, रैमत सोरेन, पूर्वी घाघीडीह के उपमुखिया, मिर्जा हांसदा, मानिक मल्लिक सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। 

Share this news