HealthJamshedpurझारखण्ड

Breaking : पोटका में ब्रेन मलेरिया से छात्रा की मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)। पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया से एक छात्रा की मौत के मामले को सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। मामले की जांच एवं रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिविल सर्जन के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर छात्रा के गांव एवं पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पोटका में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 34 संदिग्ध मलेरिया लक्षण वाले मरीजों की जांच की गई, जिनमें एक मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाया गया, जिसे तुरंत दवा उपलब्ध कराई गई।

स्वास्थ्य टीम ने विद्यालय का निरीक्षण कर वार्डन रूमा हलधर के साथ स्थिति की समीक्षा भी की तथा आवश्यक सावधानियों एवं स्वास्थ्य प्रबंधन पर चर्चा की।

इधर, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने आपातकालीन बैठक कर प्रभावित गांव में मलेरिया जांच, उपचार और आईआरएस (Indoor Residual Spray) छिड़काव को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने डेंगू एवं मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर सतर्कता बढ़ाने, नियमित जांच, साफ-सफाई और जनजागरूकता अभियान को तेज करने पर जोर दिया।

बैठक में जिला भीबीडी सलाहकार, जिला कुष्ठ परामर्शी, पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने स्पष्ट कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही, सिविल सर्जन के आदेश पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ द्वारा संबंधित निजी “निदान क्लिनिक” को नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संस्थान को दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए लगातार जांच एवं उपचार अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

Share this news