Newsझारखण्डसरायकेला

चांडिल में सनसनीखेज वारदात: सनकी मां ने 4 वर्षीय मासूम बेटी की गला घोंटकर की हत्या, आरोपी सनकी मां गिरफ्तार

 

 

चांडिल। चांडिल थाना क्षेत्र के घोड़ानेगी स्थित चांडिल डैम कॉलोनी (जगजीवन कॉलोनी) में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक कलयुगी मां द्वारा अपनी ही 4 वर्षीय मासूम बेटी की हत्या किए जाने की खबर से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है. घटना रविवार शाम की बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी कुमारी ने अपनी 4 वर्षीय बेटी रीति कुमारी के साथ घर पर मौजूद थी, जबकि उसका पति सोनाराम लोहार किसी काम से बाहर गया हुआ था. इसी दौरान लक्ष्मी कुमारी ने कथित रूप से अपनी ही बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. वही घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृत बच्ची के पिता सोनाराम लोहार ने तत्काल चांडिल थाना पहुंचकर अपनी पत्नी लक्ष्मी कुमारी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ ने बताया कि आरोपी मां को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया है. वहीं पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके. पोस्टमार्टम रिपर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं.

 

मां ने रची कहानी, लापता का बनाया बहाना

मासूम बेटी की हत्या कर उसे छिपाने के लिए लापता होने की झूठी कहानी गढ़ी।

 

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर लक्ष्मी कुमारी अपनी चार वर्षीय बेटी रीति कुमारी के साथ घर में थी. इसी दौरान उसने गला दबाकर बच्ची की हत्या कर दी. वारदात को छिपाने के लिए आरोपी मां ने घर के अंदर जमीन खोदकर शव को दफना दिया और लोगों को बताया कि उसकी बेटी लापता हो गई है. शाम को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों के साथ बच्ची की तलाश शुरू की. इसी बीच पुलिस को देख आरोपी घबरा गई. पुलिस के जाने के बाद उसने शव को जमीन से निकालकर आंगन में रख दिया और फरार हो गई. कुछ देर बाद जब परिजन और आसपास के लोग घर पहुंचे तो बच्ची का शव आंगन में पड़ा मिला, जबकि मां घर से गायब थी. इसके बाद पूरी रात उसकी तलाश की गई. सोमवार सुबह घोड़ानेगी गांव के बाहर आरोपी महिला को पकड़ लिया गया. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *