हिन्द कुष्ठ आश्रम में नि:शुल्क एमसीआर चप्पल वितरण शिविर आयोजित

कुष्ठ रोग की समय पर पहचान से बचाई जा सकती है दिव्यांगता : डॉ. राजीव लोचन महतो


जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बर्मामाइंस स्थित हिन्द कुष्ठ आश्रम, चुना भट्टा परिसर में मंगलवार को अपाल फाउंडेशन और टाटा मोटर्स के सीएसआर पहल के तहत नि:शुल्क एमसीआर फुटवियर मापी सह वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लेप्रा इंडिया के शू तकनीशियन प्रभात गोराई द्वारा आश्रम में रहने वाले सभी जरूरतमंद व्यक्तियों के पैरों की माप लेकर मौके पर ही एमसीआर चप्पल उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो और अपाल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जवाहर राम पासवान ने प्रभात गोराई को पौधा देकर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने इस पहल के लिए टाटा मोटर्स, अपाल एसोसिएशन और जिला स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया।
डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि कुष्ठ रोग न तो अभिशाप है और न ही पूर्वजन्म का पाप। यह बैक्टीरिया जनित रोग है, जिसका इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि शरीर पर किसी भी प्रकार के दाग या दाग में सुनापन दिखे तो यह कुष्ठ रोग का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने कुष्ठ रोग के कार्डिनल सिम्पटम्स, प्रकार, लक्षण, उपचार एवं इससे होने वाली संभावित दिव्यांगता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सेल्फ–केयर के महत्व और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सही समय पर इलाज और देखभाल से कुष्ठ रोग से होने वाली दिव्यांगता को रोका जा सकता है।
अपाल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जवाहर राम पासवान ने बताया कि चलन्त सेवा वाहन जिले के सभी कुष्ठ आश्रमों में जाकर जरूरतमंद लोगों के लिए एमसीआर चप्पल का माप लेकर मौके पर ही उपलब्ध कराएगा। इससे कई रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अपाल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जवाहर राम पासवान, दयानिधि मोहला, तपन बारिक, निमाई मंडल, प्रधान संडील, प्रभात गोराई सहित आश्रम के सभी वासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

