चांडिल में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, विधायक सविता महतो ने दो सड़कों और फुलों-झानो मूर्ति स्थल सौंदर्यीकरण कार्य का किया शिलान्यास व उद्घाटन

चांडिल : मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत चांडिल प्रखंड की दो महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास गुरुवार को विधायक Savita Mahato ने विधिवत शिलापट्ट अनावरण कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क विकास की रीढ़ है और सड़क निर्माण से लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।



विधायक ने बताया कि चांडिल प्रखंड अंतर्गत बानसा-रेयारदा पथ के लपाईबेड़ा से गुटीउली देवरागोड़ा तक 2.8 किलोमीटर सड़क का निर्माण 2 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। वहीं एनएच-33 से हुमीद ग्राम तक 1.47 किलोमीटर सड़क का निर्माण 84 लाख रुपये की लागत से होगा। दोनों योजनाओं पर कुल 3 करोड़ 33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से गांवों का विकास तेज होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक लोगों की पहुंच आसान बनेगी। विधायक ने संबंधित विभाग एवं संवेदक को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, शंकर लायेक, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, लंबोदर महतो, भादूडीह पंचायत के मुखिया बुद्धेश्वर बेसरा, अरुण टुडू, राहुल वर्मा, कुनाराम मांझी, सुखलाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
वहीं दूसरी ओर, विधायक Savita Mahato ने चांडिल प्रखंड क्षेत्र के चौका पंचायत भवन के समीप विधायक योजना से निर्मित क्रांतिकारी वीर फुलों-झानो मूर्ति स्थल सौंदर्यीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। उन्होंने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर फुलों-झानो की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक ने बताया कि लगभग 4 लाख 69 हजार 700 रुपये की लागत से इस सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि वीरांगना फुलों-झानो आदिवासी समाज की गौरवशाली विरासत हैं और उनके सम्मान में किए गए इस कार्य से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।


