जामडीह में सड़क हादसा, टिप ट्रेलर ने पोल्ट्री गाड़ी को मारी टक्कर, चालक घायल
नीमडीह थाना क्षेत्र में NH-18 पर हादसा, बच्चे को बचाने के चक्कर में हुई टक्कर, गाड़ी खेत में घुसी

नीमडीह थाना क्षेत्र के जामडीह गांव के पास टाटा-चांडिल-पुरुलिया मुख्य मार्ग NH-18 पर आज दोपहर करीब 3 बजे पोल्ट्री मुर्गी गाड़ी और टिप ट्रेलर में भिड़ंत हो गई। हादसे में पोल्ट्री गाड़ी का चालक घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस से नीमडीह स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
जानकारी के अनुसार पोल्ट्री फार्म की मुर्गा गाड़ी पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की ओर से जमशेदपुर की ओर जा रही थी, वहीं दूसरी ओर से टिप ट्रेलर जमशेदपुर से पुरुलिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार करने वाले बच्चे को बचाने के चक्कर में दोनों गाड़ियों में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद टिप ट्रेलर गाड़ी अनियंत्रित होकर खेत में घुस गई।
हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग और नीमडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल भेजा।
स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाया जाए ताकि हादसों पर रोक लग सके।



