Newsझारखण्डसरायकेला

तिरुलडीह सड़क हादसे में वार्ड सदस्य की मौत के मामले में ट्रैक्टर जब्त, पुलिस ने तेज की जांच

 

 

दारुदा गांव के पास बाइक और ट्रैक्टर के बीच हुई थी टक्कर, घटनास्थल पर ही हुई थी मनोरंजन महतो उर्फ मंटू की मौत

 

कुकड़ू: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत तिरुलडीह थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में वार्ड सदस्य मनोरंजन महतो उर्फ मंटू (35) की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। वाहन की पहचान होने के बाद पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुट गई है।

 

जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की शाम मनोरंजन महतो, पिता स्वर्गीय गुरुचरण महतो, निवासी छोटालापांग गांव, कुकड़ू बाजार से अपनी मोटरसाइकिल संख्या JH22J-7355 से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे दारुदा गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनोरंजन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद तिरुलडीह थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में वाहन अज्ञात बताया गया था। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान ट्रैक्टर के रूप में की और उसे जब्त कर लिया।

 

बताया जाता है कि मनोरंजन महतो गांव के वार्ड सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। वहीं, ट्रैक्टर जब्त किए जाने के बाद दुर्घटना से जुड़े मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ गई है।

 

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के आधार पर की जाएगी।

Share this news