मां मनसा पूजा में जुटे पीडीएस दुकानदार, प्रदेश कमेटी का हुआ विस्तार

गुरुचरण किस्कू ‘मामाजी’ बने प्रदेश महासचिव, पीडीएस दुकानदारों और लाभुकों की समस्याओं के समाधान का लिया संकल्प


सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड में पीडीएस डीलर भगत राम हजाम के यहां मां मनसा पूजा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पीडीएस दुकानदार पहुंचकर मां मनसा की पूजा-अर्चना में शामिल हुए और मां मनसा का प्रसाद ग्रहण किया.
कार्यक्रम के दौरान झारखंड प्रदेश पीडीएस संघ के उपाध्यक्ष फूलकांत झा द्वारा प्रदेश कमेटी का विस्तार किया गया. कमेटी के विस्तार के क्रम में गुरुचरण किस्कू (मामाजी) को प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई. इस अवसर पर उन्हें प्रमाण पत्र भी भेंट किया गया.
प्रदेश महासचिव का दायित्व मिलने पर पीडीएस डीलर भगत राम हजाम द्वारा गुरुचरण किस्कू (मामाजी) को साल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. साथ ही झारखंड प्रदेश पीडीएस संघ के उपाध्यक्ष फूलकांत झा को भी साल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया.
इसी क्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता को भी साल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित पीडीएस दुकानदारों ने नवदायित्व प्राप्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने के साथ दुकानदारों एवं लाभुकों के हित में निरंतर कार्य करने की अपेक्षा जताई.
इस अवसर पर पीडीएस संघ के प्रदेश महासचिव गुरुचरण किस्कू (मामाजी) ने कहा कि पीडीएस दुकानदारों और लाभुकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि समय पर अनाज वितरण सुनिश्चित कराने तथा पीडीएस दुकानदारों को पूर्व की भांति अग्रिम कमीशन दिलाने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग एवं सरकार के साथ वार्ता की जाएगी.
उन्होंने कहा कि पीडीएस दुकानदारों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से मिलकर आवश्यक पहल की जाएगी. संगठन दुकानदारों एवं लाभुकों से जुड़ी समस्याओं को उचित माध्यम से सरकार के समक्ष रखेगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा.
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए देव प्रकाश देवता ने पीडीएस डीलर भगत राम हजाम के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि मां मनसा पूजा के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम आपसी एकजुटता, सम्मान और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देता है.
कार्यक्रम में उपस्थित पीडीएस दुकानदारों ने मां मनसा से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की तथा संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया.


