कुकड़ू में बदहाल सुविधाओं के खिलाफ आंदोलन तेज, कल से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी
सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में बदहाल बुनियादी सुविधाओं को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाईं। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 14 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

आंदोलनकारियों के मुताबिक, वर्ष 2009 में कुकड़ू प्रखंड का गठन हुआ था, लेकिन करीब 16 साल बीत जाने के बाद भी क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और कृषि जैसी बुनियादी सुविधाओं का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। मोर्चा का आरोप है कि पिछले एक वर्ष से लगातार आवेदन देने के बावजूद समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल नहीं हुई है।
झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा ने प्रखंड कार्यालय भवन के निर्माण, स्वास्थ्य केंद्रों की बेहतर व्यवस्था और विभिन्न सरकारी विभागों में स्थायी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की है। इसके साथ ही तिरुलडीह थाना को प्रखंड मुख्यालय में स्थानांतरित करने, विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति और आवासीय बालिका विद्यालय में महिला सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग भी उठाई गई है।
किसानों की समस्याओं को लेकर कोल्ड स्टोरेज, विद्युत सब स्टेशन और कृषि उत्पादों की बेहतर विपणन व्यवस्था की मांग की गई है। वहीं, पेंशन, छात्रवृत्ति और मंईयां सम्मान योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक पहुंचाने की मांग भी शामिल है। मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन समेत संबंधित अधिकारियों को मांग पत्र भेजा है।
झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा ने साफ कहा है कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो बुधवार, 14 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। अब देखना होगा कि आंदोलन की चेतावनी के बाद प्रशासन समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


