डेढ़ करोड़ खर्च, 12 साल बाद भी बंद मार्केट कॉम्प्लेक्स को फिर मिलेगा नया लुक

चांडिल: करीब 12 वर्षों से उपयोग के इंतजार में खड़ा चांडिल डैम रोड स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स अब एक बार फिर संवरने की तैयारी में है। निर्माण और मरम्मत पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद अब तक व्यावसायिक गतिविधियां शुरू नहीं हो सकी हैं। शनिवार को जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने अधिकारियों और तकनीकी टीम के साथ मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद इसे नए स्वरूप में विकसित करने की कवायद तेज कर दी गई है।

प्रस्तावित योजना के तहत कॉम्प्लेक्स की रंगाई-पुताई के साथ नया गेट, पानी की टंकी, स्लाइडर, लाइटिंग, पेयजल सुविधा और पेवर्स ब्लॉक लगाए जाने हैं। जरूरत के मुताबिक कॉम्प्लेक्स के मौजूदा ढांचे में भी मामूली बदलाव किया जाएगा। जिला परिषद के कनीय अभियंता और तकनीकी टीम ने मौके पर उपलब्ध सुविधाओं तथा परिसर की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान परिसर में फैली गंदगी और चारों ओर उगी झाड़ियों को देखकर जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। कॉम्प्लेक्स में बनी लाइब्रेरी पर ताला लटका देखकर उसकी स्थिति की भी जानकारी ली गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लाइब्रेरी बनने के बाद से अब तक नियमित रूप से खुली ही नहीं है।जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कनीय अभियंता को एक सप्ताह के भीतर डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है। अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने बताया कि मार्केट कॉम्प्लेक्स में कुल 24 दुकानें हैं, जिन्हें जल्द आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अक्टूबर में टेंडर निकालने की तैयारी है और दिसंबर तक कॉम्प्लेक्स को नए रूप में तैयार कर दुकानों का आवंटन करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मार्केट कॉम्प्लेक्स के चालू होने से जिला परिषद को आय का एक स्थायी स्रोत भी प्राप्त होगा।गौरतलब है कि वर्ष 2014 में करीब 93 लाख रुपये की लागत से मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। इसके बाद वर्ष 2024 में करीब 27 लाख रुपये खर्च कर दो हॉल और कमरों की मरम्मत कराई गई। कुछ माह पहले करीब 22 लाख रुपये की लागत से यहां लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया गया। इस तरह अलग-अलग मदों में बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद कॉम्प्लेक्स अब तक अपने वास्तविक उद्देश्य को पूरा नहीं कर सका है। अब दोबारा जीर्णोद्धार और नवीनीकरण की तैयारी से लोगों की नजर इस बात पर है कि इस बार मार्केट कॉम्प्लेक्स वास्तव में कब शुरू होता है और वर्षों से बंद पड़ी दुकानों में कब कारोबार शुरू हो पाता है।



