कदमा बाजार में सरकारी जमीन की शिकायत, सीओ-जेएनएसी को जांच का निर्देश
पुराना मीट मार्केट के पास दुकान व शेड निर्माण का आरोप, क्षेत्र के दुकानदार व लोगों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर, 9 अक्टूबर : कदमा बाजार स्थित पुराने मीट मार्केट के पास सरकारी जमीन पर कथित रूप से अतिक्रमण कर दुकान और शेड का निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में स्थानीय दुकानदारों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने झारखंड आंदोलनकारी हरमोहन महतो के नेतृत्व में जिले के अपर उपायुक्त (एडीसी) को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने, अवैध निर्माण पर रोक लगाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. इस बाबत एडीसी ने तत्काल अंचलाधिकारी (सीओ) और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) को इसकी जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. ज्ञापन की प्रतिलिपि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उपनगर आयुक्त तथा कदमा थाना प्रभारी को भी दी गई है.
हरमोहन ने आरोप लगाया कि कदमा बाजार के पुराने मीट मार्केट के पास स्थित सरकारी जमीन पर भोला साहू द्वारा बिना वैधानिक प्रक्रिया के कब्जा कर दुकान और शेड का निर्माण कराया जा रहा है. यह जमीन बाजार की मुख्य सड़क से सटी हुई है. ऐसे में निर्माण कार्य के कारण सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने तथा बाजार में आवागमन बाधित होने की आशंका है. हरमोहन के साथ ज्ञापन सौंपने वालों में तपन कुमार महतो, हरिपदो महतो, रंगलाल महतो, पल्लव महतो, ए के पांडेय, यू पी महतो, एस महतो सहित अन्य लोग शामिल थे.
ज़मीन का विवरण
ज्ञापन के अनुसार संबंधित जमीन का विवरण खाता संख्या 1217, अनाबाद झारखंड सरकार, वार्ड संख्या 2, प्लॉट संख्या 1777 के रूप में दिया गया है. आवेदनकर्ताओं का दावा है कि उक्त जमीन का स्वरूप सड़क पक्की के रूप में दर्ज है. इसके बावजूद जमीन पर दुकान और शेड का निर्माण कराया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की प्रक्रिया के तहत आम सूचना या नीलामी के बिना जमीन का आवंटन किया गया. सड़क किनारे अतिक्रमण होने से आवागमन प्रभावित हो सकता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है.
हरमोहन महतो
झारखंड आंदोलनकारी सह मुख्य संयोजक झारखंड मूलवासी अधिकार मंच
9431524525

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


