मानगो में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, एक लाख आबादी को मिलेगा लाभ

जमशेदपुर: जिला स्वास्थ्य समिति, पूर्वी सिंहभूम द्वारा संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जाकिर नगर रोड संख्या-18, मानगो का उद्घाटन मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक Saryu Roy, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान एवं सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने संयुक्त रूप से किया।


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने कहा कि ओल्ड पुरुलिया रोड एवं आसपास के क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य संस्थान के अभाव के कारण लोगों को सामान्य उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल और सदर अस्पताल, खासमहल जाना पड़ता था। नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र की लगभग एक लाख आबादी को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि कपाली क्षेत्र से सटे होने के कारण सरायकेला-खरसावां जिले के लोगों को भी इस स्वास्थ्य केंद्र का लाभ मिलेगा।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ओपीडी सेवा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को बच्चों के टीकाकरण की सुविधा दी जाएगी। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत परामर्श एवं अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की उपलब्धता, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार, एंटी नेटल चेकअप (एएनसी), आवश्यक जांच, दवाओं की उपलब्धता तथा रेफरल सेवाएं भी यहां प्रदान की जाएंगी।
लोक स्वास्थ्य प्रबंधक सुमन मंडल ने बताया कि केंद्र में प्रत्येक बुधवार को एफडीएस दिवस का आयोजन किया जाएगा। वहीं प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को बुजुर्ग दिवस मनाया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श की विशेष व्यवस्था रहेगी।
विधायक सरयू राय ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह केंद्र क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र लोगों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उद्घाटन समारोह में एसीएमओ डॉ. अजय कुमार सिन्हा, डीटीओ डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, डीएलओ सह डीएमओ डॉ. मृत्युंजय धावड़िया, पीएचएम सुमन मंडल, प्रदीप कुमार महतो, दीपक कुमार, पीएसआई से डॉ. खुशबू कुमारी, अमित झा, राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

