सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन

चक्रधरपुर : सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी की सादगी मंगलवार को एक बार फिर देखने को मिली। दोनों जनप्रतिनिधि गुदड़ी प्रखंड अंतर्गत लिगिर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।


जानकारी के अनुसार कार्यक्रम स्थल जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण आयोजकों ने ग्रामीणों सहित सांसद और विधायक के लिए जमीन पर बैठकर भोजन की व्यवस्था की थी। सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी बिना किसी झिझक के ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठ गए। आयोजकों ने सखुआ के पत्तल में भोजन परोसा और दोनों ने ग्रामीणों के साथ बातचीत करते हुए भोजन ग्रहण किया।
भोजन के दौरान कुछ ग्रामीण सांसद और विधायक को जमीन पर बैठकर खाते देख असहज महसूस करने लगे। इस पर सांसद जोबा माझी ने लोगों को सहज करते हुए कहा कि वह एक आंदोलनकारी शहीद परिवार से आती हैं और राजनीति में कितना भी बड़ा पद मिल जाए, जमीन से जुड़ाव कभी समाप्त नहीं होगा।
गौरतलब है कि सांसद जोबा माझी के पति स्वर्गीय देवेंद्र माझी ने सारंडा-पोड़ाहाट क्षेत्र में जल, जंगल और जमीन के अधिकार को लेकर संघर्ष किया था और आंदोलन के दौरान शहीद हो गए थे। देवेंद्र माझी के विधायक रहने के दौरान जोबा माझी चक्रधरपुर के इतवारी बाजार में सब्जी बेचने का काम करती थीं।
राजनीति के शीर्ष पद पर पहुंचने के बावजूद सांसद जोबा माझी आज भी खेती-बाड़ी और घर के कामकाज से जुड़ी रहती हैं। ग्रामीणों के बीच उनकी सादगी और व्यवहार चर्चा का विषय बना रहा।

