Newsझारखण्डसरायकेला

श्रीनाथ विश्वविद्यालय में मेगा अप्रेंटिसशिप सह जॉब फेयर, 260 से अधिक अभ्यर्थियों को मिला ऑफर लेटर

 

जमशेदपुर, 26 मई : श्रीनाथ विश्वविद्यालय एवं गुजरात की आमधनी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मेगा अप्रेंटिसशिप सह जॉब फेयर का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न राज्यों और संस्थानों से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को रोजगार तथा अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था।

 

जॉब फेयर में कुल 650 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। भर्ती प्रक्रिया के दौरान 260 से अधिक उम्मीदवारों को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किए गए। खास बात यह रही कि 85 विद्यार्थियों को एक से अधिक कंपनियों से नौकरी के प्रस्ताव प्राप्त हुए।

इस मेगा भर्ती अभियान में देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। इनमें एमआरएफ, अपोलो टायर्स, योकोहामा टायर्स, याजाकी, कोसोल एनर्जी, वर्सुनी, बजाज ऑटो लिमिटेड, 3एम इंडिया तथा धूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का साक्षात्कार लेकर विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की।

 

भर्ती प्रक्रिया के लिए एचआर प्रतिनिधि के रूप में शंतनु दास, सुब्रत कमरा, राहुल कुमार एवं देवेश पांडे विश्वविद्यालय पहुंचे और उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया। इस जॉब फेयर में वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 बैच के छात्र-छात्राओं को भाग लेने का अवसर दिया गया। पात्रता में 10वीं, 12वीं उत्तीर्ण, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक एवं अन्य स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी शामिल थे।

 

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एस.एन. सिंह, कुलसचिव डॉ. याह्या मजूमदार, सीनियर डायरेक्टर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ए.के. शाही, डायरेक्टर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सुभोदीप भद्रा तथा ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट मैनेजर विकास गुप्ता उपस्थित रहे।

 

अतिथियों ने विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा ऐसे रोजगार मेलों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ने के साथ-साथ उनके भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Share this news