Newsझारखण्ड

खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा ने सरायकेला-खरसावां में विकास योजनाओं की समीक्षा की, लापरवाही पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सरायकेला-खरसावां, मंगलवार।

खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने अपने दो दिवसीय दौरे के तहत आज कुचाई प्रखंड में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एवं अंचल अधिकारी (CO) उपस्थित रहे।

इसके पश्चात सांसद ने सरायकेला परिसदन में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में पीएचईडी, आरईओ, बिजली, शिक्षा विभाग एवं गव्य विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कड़ी नाराजगी जताई।

सांसद ने खरसावां जलापूर्ति योजना में हो रही देरी तथा खरसावां के गोंडामारा एवं कुचाई के मरांगहातु सहित अन्य क्षेत्रों में जलापूर्ति योजनाओं का लाभ आम जनता तक सही ढंग से नहीं पहुंचने पर गंभीर चिंता व्यक्त की। जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं में अनियमितताओं की शिकायतों पर उन्होंने तत्काल जांच के निर्देश दिए।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर भी सांसद ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं बिजली विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं पर्याप्त वोल्टेज के साथ आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

सांसद मुंडा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ सीधे जनता तक पहुंचे, यही सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने सभी लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा कार्यों में जवाबदेही और तत्परता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष श्री तरुण डे, सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, पूर्व युवा जिला अध्यक्ष प्रेमेन्द्र मिश्रा, प्रखंड अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि कोन्दो कुम्भकार, सांसद प्रतिनिधि सूरज महतो, रेंगो पूर्ति, मानसिंह मुंडा, सकरी दोंगो, फागु मुंडा, मुकेश मुदुईया, सचिन हेम्ब्रम, प्रकाश महतो, शंकर लोवादा, कन्हैया लाल समाड़, सौरव तांती, जगबंधु महतो, रामचंद्र लोहार, रतन मुखी, बुधनलाल कुम्हार, अशोक मुंडरी, करण हेम्ब्रम, गोपी बोदरा, जय प्रकाश महतो, मंगल सिंह हांसदा, गोबर्धन गागराई सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share this news