महेशकुदर में गूंजा ‘जय जगन्नाथ’ का जयघोष, भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के महेशकुदर गांव में इन दिनों धार्मिक उल्लास और भक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है। यहां नवनिर्मित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और वैदिक परंपराओं के बीच संपन्न कराया जा रहा है।


महोत्सव के तहत 108 कन्याओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकाली। सिर पर कलश धारण किए कन्याओं ने पूरे गांव की परिक्रमा की, जबकि उनके साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए। यात्रा के दौरान “जय जगन्नाथ” के उद्घोष, शंखनाद और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
गांव की मुख्य सड़कों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग लेकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया।

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न पूजन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। इस आयोजन में महेशकुदर के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
यह धार्मिक आयोजन केवल मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का भी सुंदर उदाहरण बनकर उभरा है। पूरे गांव में भगवान जगन्नाथ की भक्ति और उत्सव का वातावरण बना हुआ है।
इस महोत्सव को सफल बनाने में ग्राम प्रधान अश्वनी प्रधान, मंदिर के पुजारी कालिया ज्योतिष, सारथी प्रधान, तारणी प्रधान, दिलीप प्रधान, लालू प्रधान, भगरथी प्रधान, शांतनु प्रधान, मारकंडो प्रधान, बाबूलाल प्रधान, फाल्गुनी प्रधान, सानलाल प्रधान, दुखिया प्रधान, निमाय प्रधान, अशोक प्रधान, घासीराम प्रधान, नरसिंह प्रधान, प्रह्लाद प्रधान, सोसोधर प्रधान सहित समस्त ग्रामवासियों की सक्रिय भूमिका रही।

